खड्डा। पहली जनवरी को दोस्तों के साथ मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पास पिकनिक मना रहा युवक शाम को नहर में गिरकर लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
खड्डा कस्बे के लोहिया नगर मोहल्ला निवासी अभिषेक यादव उर्फ गोलू 20 वर्ष अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से तीन किलोमीटर दूर बंजारीपट्टी गांव के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के किनारे पिकनिक मनाने गया था। सभी दोस्त वहीं पर खाना वगैरह बना खा रहे थे। अचानक किसी बात पर दोस्तों में आपस में विवाद हुआ। इसी आपाधापी मे अभिषेक नहर में गिर गया और लापता हो गया। जानकारी होने पर भीड़ जुट गई। मौके पर बियर की केन, खाना तथा कुछ कपड़ा भी पड़ा था। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू किया, परंतु कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस साथ में मौजूद दो युवकों को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों में कोहराम मचा है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय ने बताया कि कुछ युवक नहर के किनारे पिकनिक मनाने गए थे। आपस में नोकझोंक के चलते एक युवक नहर में गिर गया और लापता हो गया है। साथी युवकों से पूछताछ व लापता की तलाश की जा रही है।