मृतक के भाई संतोष से घटना की जानकारी लेते सीओ राकेश कुमार सिंह।
कुशीनगर। चौराखास क्षेत्र के कनौरा गांव में विवादित खेत की जुताई करने से रोकने पर शनिवार को रवि यादव नाम के युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी पर रवि के परिवार के लोग पहुंचे और खेत में मौजूद ट्रैक्टर चालक समेत अन्य की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। ट्रैक्टर को कब्जे में लेने का प्रयास कर रही पुलिस से भी आक्रोशित लोगों ने हाथापाई की। गांव में पांच थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक कनौरा निवासी अजय यादव ने रवि यादव की दादी से ढाई कट्ठा जमीन कुछ साल पहले बैनामा कराई थी। खतौनी में अजय का नाम दर्ज है लेकिन जमीन रवि यादव के कब्जे में है और इसका मुकदमा कोर्ट में लंबित है। शनिवार को अजय यादव ने बिहार के रिश्तेदार का ट्रैक्टर मंगाया और अपने दोनों भाइयों अवधेश और संजय के साथ दोपहर में दो बजे खेत की जुताई करने पहुंच गया। जानकारी होने पर रवि भी अपने भाई के साथ खेत में पहुंचा और जुताई करने से रोकने लगा। संतोष ने बताया कि खेत में विवाद बढ़ गया और अजय व उसके भाइयों ने ट्रैक्टर के सामने आए रवि को कुचल दिया।
इसकी जानकारी पर खेत में पहुंचे रवि के पक्ष के लोगों ने अजय के सहयोगियों की पिटाई कर दी। घायल रवि को सीएचसी फाजिलनगर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी पर गांव में पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो रवि के पक्ष के लोग धक्का-मुक्की करने लगे। तनाव बढ़ने की सूचना पर सीओ तमकुहीराज पांच थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। गांव वाले आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज करने पर अड़े रहे। देर शाम पुलिस ट्रैक्टर कब्जे में ले सकी।