युवक की मौत लोगों ने किया सड़क जाम
फाजिलनगर। स्थानीय कस्बे की सब्जी मंडी में रहने वाले 30 वर्षीय युवक की रविवार की रात में मौत हो गई थी। परिजनों ने अब तक कोई सरकारी सुविधा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सब्जी मंडी मार्ग को आधे घंटे तक जाम रखा। बाद में पहुंचे राजस्व निरीक्षक व एसओ पटहेरवा ने सभी प्रकार की सरकारी सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन देकर जाम हटवाया। शव के अंतिम संस्कार के लिए एसओ ने अपने पास से आर्थिक मदद की।
फाजिलनगर सब्जी मंडी निवासी मुकेश मुसहर (30) पत्नी व तीन माह के बच्चे के साथ झोपड़ी में रहता था। भूमिहीन मुकेश मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार की रात में उसकी मौत हो गई। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि वह पिछले कई माह से बीमार था। मजदूरी भी नहीं कर पा रहा था। मुकेश की पत्नी ने बताया कि उसके पास राशन कार्ड भी नहीं है। सोमवार की सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना करते हुए सब्जी मंडी मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक नंदलाल पाठक व एसओ अतुल्य कुमार पांडेय ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। आश्वासन दिया गया कि इस परिवार को शासन से सभी प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जायेगी। इसके बाद आर्थिक मदद देकर शव का अंतिम संस्कार कराया गया।