मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की मौत, दूसरा गंभीर
पकड़ियार बाजार। नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर रविवार की रात में हरदी छपरा गांव के पास एक बाइक पर सवार दो लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खानूछपरा निवासी महेंद्र विश्वकर्मा (35) रविवार को लौकरिया निवासी आशिक अंसारी के साथ बाइक से कप्तानगंज गए थे। वहां से रात को वापस लौटते समय नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर हरदी छपरा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होने की वजह से दोनों लोग गाड़ी समेत सड़क पर गिर गए। हेलमेट नहीं पहने होने के चलते महेंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी थी। हादसे की सूचना पर परिजन पहुंचे और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले गए। हालत गंभीर देख डाक्टर ने दोनों को मेडिकल कालेज भेज दिया। मेडिकल कॉलेज से भी महेंद्र को पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही महेंद्र की मौत हो गई। आशिक अंसारी का उपचार मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई हैं।