सुकरौली। कस्बा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, सेमरी निवासी 21 वर्षीय एक युवक की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाटा कोतवाली के सेमरी निवासी सुमित प्रसाद (21) शनिवार की देर रात पिपरा उर्फ तितिला स्थित भैरो चौराहे के पास एनएच पार कर रहे थे। इसी दौरान वे एनएचएआई के पेट्रोलिंग वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौजूद लोग उन्हें देवतहां सीएचसी भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया था। वहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही मां रंजना देवी और दोनों बहनें रोते-रोते अचेत हो जा रहीं हैं।