गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। परिजनों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पडरौना-तमकुहीरोड मार्ग पर 27 अप्रैल की शाम तिलक पट्टी निवासी 45 वर्षीय सरल पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद गोरखपुर में उनका इलाज चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर की जानकारी नहीं है। यदि तहरीर दी गई है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।