तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित माधोपुर बुजुर्ग के समीप दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के जानकारी के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के माधोपुर बुजुर्ग (मंझरिया) निवासी गोविंद चौहान (27) बाइक से हाईवे के रास्ते शुक्रवार शाम करीब सात बजे घर से जरूरी सामान खरीदने लतवा बाजार जा रहा था। इसी दौरान लतवा बाजार की ओर से लौट रहे परसौनी बुजुर्ग के टोला सिरयहा निवासी बाइक सवार किशोर राकेश गौड़ (15) घर लौट रहा था। दोनों बाइक सवारों के बीच माधोपुर बुजुर्ग के सामने स्थित एक ढाबे के समीप आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की जानकारी के बाद मौजूद लोगों ने घायल दोनों बाइक सवारो कों इलाज के लिए सीएचसी तमकुहीराज भेजा।