कार की चपेट में आने से युवक की मौत
खड्डा। क्षेत्र के मठिया गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात एक बाइक पर सवार तीन लोग एक कार की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुर्कहां सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टर ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार की देर रात खड्डा थाना क्षेत्र के नवल छपरा निवासी मोहन भारती व उमेश भारती अपने रिश्तेदार मनोज निवासी बावली चौक पडरौना के साथ बाइक से खड्डा आ रहे थे। अभी मठिया गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक कार की चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तुर्कहां सीएचसी भेजा। वहां डॉक्टर ने मनोज (22) को मृत घोषित कर दिया। घायल मोहन और उमेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की गई है।