कसया। थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में शुक्रवार को युवक अपनी बहन को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई युवक से नीच उतरने की गुहार करने लगा। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा। करीब ढाई घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामा से इलाके में अफरा-तफरी मची रही।
डुमरी के सूखा टोला निवासी अजहरूद्दीन अंसारी की बहन रबिना खातून की शादी 13 अप्रैल 2025 को तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के शंकरपुर घोरठ निवासी अहमद रजा से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति ने तीन लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि रबिना को घर से निकाल दिया गया और वह मायके में रहने को मजबूर हो गई। परिजनों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी से आहत होकर अजहरूद्दीन शुक्रवार सुबह गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से बहन को न्याय दिलाने की मांग करने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक मान-मनौवल और कार्रवाई के आश्वासन के बाद युवक करीब ढाई घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। पुलिस ने मामले में दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया है, जहां दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि युवक के सकुशल नीचे उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया कि युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों को बुलाकर मामले में वार्ता कराई जा रही है।
डुमरी में टावर से उतरने के बाद परिजनों संघ अजहरुद्दीन।