पडरौना। रविंद्रनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की देर रात मामूली बात पर दो पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घायल युवक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेज दिया। उसका इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के डुम्मरभार गांव निवासी अशोक तिवारी दुकान चलाते हैं। उनकी दुकान के पास देर रात गांव के ही हीरालाल उर्फ रमेश (45) किसी काम से गए थे। आरोप है कि अशोक तिवारी ने हीरालाल को गाली देकर धमकाते हुए वहां से भगा दिया। हीरालाल ने आरोपी अशोक तिवारी का विरोध किया इस बात पर आरोपी ने हीरालाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे युवक बुरी तरह से धायल हो गया। मौजूद गांव के लोगों ने बीच बचाव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घायल युवक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेज दिया। युवक की हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है। बुधवार को पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी युवक को न्यायालय भेज दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।