कप्तानगंज। खभराभार गांव में शुक्रवार को मंदिर निर्माण के विवाद में युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार गांव के बाहर सड़क किनारे एक वर्ष से ग्रामीणों के सहयोग से हनुमान मंदिर का निर्माण चल रहा है। पास में रहने वाली महिला उसका विरोध कर रही थी। शुक्रवार दोपहर 32 वर्षीय संगम पुत्र कोलाहल मंदिर निर्माण का कार्य देखने पहुंचे। आरोप है कि महिला ने अपने दो बेटों और पांच अज्ञात लोगों के साथ जानलेवा हमला कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला पास के निजी स्कूल में छिप गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वारदात की जानकारी होते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल को घेर लिया। इससे मौके पर तनाव का माहौल हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और महिला को सुरक्षित निकालकर थाने ले आई। घायल संगम को सीएचसी कप्तानगंज में इलाज के बाद घर भेज दिया गया। एसओ धीरेंद्र कुमार राय ने कहा कि आरोपी महिला के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की जा रही है। तहरीर व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।