लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के कानपारा गांव में रविवार को भोर में संदिग्ध परिस्थितियों में लगभग 40 वर्षीय युवक ने गांव के पश्चिम सिवान में आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है।
कानपारा गांव निवासी फूलकुमार (40) पुत्र राम बिहारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के पश्चिम घर से 100 मीटर की दूरी पर रविवार की भोर में आम के पेड़ से शव लटका देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर दुधारा पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पत्नी मायके कानपारा में 20 दिन पहले आई थी। फूल कुमार राजगीर मिस्त्री का काम करता था।
शनिवार की रात ससुराल से रात 11:00 बजे घर जाने के लिए कहकर निकला था और सुबह उसका शव आम के पेड़ से गमछा के सहारे लटका मिला। इसको उसके साले और लड़के ने नीचे उतार दिया था।
इसकी सूचना उसकी पत्नी ने दुधारा थाने पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।