पडरौना। शनिवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के देवतहां खास गांव के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला। शव के पास ही उसकी बुलेट मोटरसाइकिल मिली। युवक की शिनाख्त महराजगंज जनपद के भिटौली थानाक्षेत्र के सेमरा राजा गांव के रहने वाले संगम गोंड़ (22) पुत्र अभिमन्यु गोंड़ के रूप में हुई है।
शुक्रवार को संगम गोंड़ परिजनों के साथ अपनी बहन के घर नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के गांव रायपुर में ब्रह्मभोज में शामिल होने आया था। उसी दिन देर शाम को अपनी माता व ब्रह्मभोज में आए अन्य लोगों को संगम ने नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के देवतहां गांव में अपने मामा मोतीराम गाेंड़ के घर जाने के लिए कहकर बाइक से निकला था। सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले गांव के लोगों ने देखा कि संगम मृत अवस्था में देवतहां खास और देवतहां बरगदहीं को जोड़ने वाली पुलिया के करीब सड़क के किनारे पड़ा है। वहीं पास में उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। गांववालों ने ग्राम प्रधान विजय प्रसाद को घटना की जानकारी दी। नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।