दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पड़रौन मड़ूरही गांव के बिरती टोला में सोमवार रात करीब आठ बजे हमलावरों ने 19 वर्षीय संदेश बैठा को चाकू से गोदकर मरणासन्न हालत में पुलिया के नीचे फेंक दिया। शौच के लिए गई महिलाओं ने युवक को घायल हालत में देखकर शोर मचाया और ग्रामीणों और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे सीएचसी दुदही ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया गया।
पडरौन मड़ूरही गांव निवासी संदेश बैठा (19) पुत्र मुनई बैठा सोमवार को घर से निकला था। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोग उसे बुलाकर गांव की पुलिया के पास ले गए। वहां चाकू से कई वार किया और उसे पुलिया के नीचे फेंककर भाग गए।घटना की जानकारी होने पर संदेश के मामा नथू बैठा मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी दुदही ले गए। विशुनपुरा थानाध्यक्ष शनि कुमार जावला ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।