पगार मिश्रौली गांव में शनिवार रात की घटना, जिला अस्पताल रेफर
रामकोला। थाना क्षेत्र के पगार मिश्रौली गांव में शनिवार रात रामलीला देखकर घर लौट रहे एक युवक पर हमला हुआ। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हमले में घायल हुए मिश्रौली गांव निवासी मंजीत यादव के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। मामले में उसने खोटही पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया था। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी हो गया था। शनिवार रात करीब दस बजे मंजीत रामलीला देखकर घर लौट रहा था। वह अपने घर के सामने सड़क पर पहुंचा। तभी कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
आरोप है कि धारदार हथियार के बाद उस पर लोहे की रॉड से भी हमला किया गया। बेहोश होने पर हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग गए। आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। मंजीत ने थानाध्यक्ष से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, पुलिस विवाद की जांच कर रही है।