कप्तानगंज। चकिया गांव के पास सत्याग्रह एक्सप्रेस से गिरकर
पंजाब का रहने वाला युवक घायल हो गया। लोगों ने पुलिस की मदद से उसे सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उसने बताया कि खिड़की पर खड़ा था। झपकी आने से गिर गया।
दिल्ली से रक्सौल जाने वाली 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस से पंजाब के मोहन नगर अंबाला निवासी 25 वर्षीय दीपू पुत्र मोती प्रसाद दिल्ली से रक्सौल जा रहा था। ट्रेन रविवार को दोपहर 11.30 बजे बोदरवार रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल से कुछ दूर चकिया गांव पहुंची ही थी कि ट्रेन की खिड़की पर खड़ा दीपू गिर गया और रेलवे ट्रैक के कुछ दूर झाड़ी में चला गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने देखा तो इसकी जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। पुलिस ने एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचसी भेजा। वहां डाॅक्टर ने इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डाॅक्टर उमेश चंद यादव ने बताया कि युवक के पैर और चेहरे पर गंभीर चोट हैं। बायां पैर पूरी तरह काम नहीं कर रहा है और शरीर में भी कई जगह गंभीर चोटें हैं। उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।