कप्तानगंज। सोमवार को लोगों ने युवक का शव सागौन के पेड़ से लटका देखा। शोर मचाने पर गांव वाले पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह मानकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
थाना क्षेत्र के ढाढ़ी टोला निवासी 32 वर्षीय समसुद्दीन अंसारी सोमवार को सुबह दुकान से सब्जी लेकर घर पहुंचा। दिन में करीब 10 बजे पत्नी रहींनिश खातून से भोजन बनाने को कहा और कुछ देर में आने की बात कह घर से निकला। गांव से कुछ दूरी पर सागौन के पेड़ से समसुद्दीन अंसारी का शव फंदे से लटकता हुआ लोगों ने देखा तो शोर मचाया। परिजन और गांव के अन्य लोग पहुंचे। समसुद्दीन दो माह पूर्व कुवैत से लौटा था। वहां पर वह वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की खुदकुशी को लेकर गांव वालों में तरह-तरह की चर्चा है। अचानक युवक ऐसा कदम क्यों उठाया। हालांकि पुलिस इसे पारिवारिक कलह मान रही है। एसओ राजकुमार बरवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पारिवारिक कलह के चलते युवक ने खुदकुशी की है। इसकी जांच की जा रही है।