पडरौना। ट्रेलर की टक्कर से रामकोला रोड पर लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार की रात ब्लास्ट हो गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। पोल और तार गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान बिजली आपूर्ति चालू थी और बड़ा हादसा होने से बच गया। इसके चलते आधे शहर की बिजली आपूर्ति सोमवार की देर रात तक ठप रही। नगर पालिका प्रशासन और बिजली निगम ने क्रेन की मदद से गिट्टी लदे ट्रक को शाम को हटाया गया। इसके बाद बिजली निगम के जेई और लाइनमैन पोल को ठीक कर आपूर्ति बहाल करने में जुट गए।
झांसी से गिट्टी लेकर बिहार जा रहा ट्रेलर रविवार की रात करीब 1.30 रामकोला रोड पर तुलसी विद्यालय के पास पहुंचा था कि सड़क के किनारे लगे पोल से टकरा गया। बिजली आपूर्ति होने के चलते ट्रांसफार्मर ब्लास्ट हो गया और आग लग गई। चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। पोल गिरने से बनने के लिए एक दुकान के सामने खड़े दो चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। रात होने के चलते सड़क पर आवागमन नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। आधी रात से टाउन नंबर वन की बिजली आपूर्ति ठप होने से आधे शहर की बिजली गुल हो गई। रामकोला रोड पर दोपहर बाद वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दिया गया। इधर से जाने वाले और छावनी के तरफ से आने वाले वाहनों को नहर के रास्ते बलुचहा चौक और मिश्रौली के रास्ते भेजा जा रहा था। दोपहर बाद क्रेन की मदद से मशक्कत के बाद शाम तक गिट्टी लदे ट्रक को पोल के पास से हटाया गया। इसके बाद बिजली कर्मियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया। ट्रांसफार्मर का फाउंडेशन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। बिजली नहीं मिलने से शहरवासियों को उमसभरी गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ा। पानी के लिए भी दिक्कतें झेलनी पड़ी। वहीं होटल और कारोबारियों को जनरेटर की मदद लेनी पड़ी।
-
पूरे दिन जाम से जूझे राहगीर
-रामकोला रोड पर गिट्टी लदे ट्रक पोल से टकराने के बाद जाम की स्थिति दोपहर तक बनी रही। ट्रक का आधे से अधिक हिस्सा सड़क पर होने के चलते बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। जाम से परेशान पुलिस और ट्रैफिक पुलिस वालों ने रूट डायवर्ट कर दिया। खड्डा, कप्तानगंज के तरफ जाने वाले वाहनों को बड़ी पुलिया के पास नहर के रास्ते भेज रहे थे। जबकि इसी रास्ते से वाहन भी आ रहे रहे थे। इस लिए नहर की सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
-
-ट्रक की टक्कर से बिजली पोल गिर गया और ट्रांसफार्मर ब्लास्ट हो गया है। ट्रक पर गिट्टी लदे ट्रक शाम तक हटाया गया। इसके बाद टूटे पोल और तार की मरम्मत शुरू की गई है। इसके लिए दो जेई और लाइनमैनों को लगाया गया है। देर रात तक बिजली आपूर्ति होने की उम्मीद है। 400 केबीए का ट्रांसफार्मर स्टोर से मंगाया जा रहा है। कुछ घरों की आपूर्ति कनेक्शन छुड़ाकर बहाल कर दी गई है। बावजूद शहर के अधिकांश घरों की आपूर्ति प्रभावित है। -प्रेम सागर एक्सईएन पडरौना बिजली निगम