कहीं वर्चुअल तो कहीं सोशल डिस्टेंसिंग के साथ हुआ योगाभ्यास
- एसपी के साथ पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइंस में किया योग
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोमवार को जिले भर में लोगों ने योगासन किया। कहीं वर्चुअल तो कहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए समूह में एकत्र होकर योगासान किया गया।
इसके अलावा भारत स्वाभिमान ‘न्यास’ और इसके अनुषांगिक संगठनों से जुड़े लोगों की तरफ से भी योग शिविर लगाकर लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योगाभ्यास कराया गया। इन संगठनों के आचार्यों ने लोगों को ऑनलाइन और ऑफलाइन योगाभ्यास कराया।
एसपी सचिंद्र पटेल के निर्देश पर पलिसकर्मियों ने जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड पर योगाभ्यास किया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक ओमप्रकाश यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिस के जवान मौजूद थे।
पडरौना के मारवाड़ी युवा मंच की चेतना महिला शाखा की महिलाओं ने श्याम अतिथि भवन में योगाभ्यास किया। इन्हें योग प्रशिक्षक तुषार बोस ने योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान चेतना महिला शाखा की अध्यक्ष मीनू जिंदल सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए पडरौना नगरपालिका के चेयरमैन विनय जायसवाल ने अपने घर पर ही योगासन किया। उनके साथ प्रतिनिधि मनीष जायसवाल भी थे।
बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुशीनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने भी योगाभ्यास किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल की देखरेख में आयोजित इस शिविर में योगाचार्य डॉ. रवि प्रताप पांडेय ने लोगों को योग कराया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. त्रिभुनाथ त्रिपाठी, एनसीसी प्रभारी डॉ. उमाशंकर त्रिपाठी सहित अन्य प्राध्यापक, स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट्स मौजूद थे। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत के मंत्री बीएन मिश्र ने कोरोना महामारी के संक्रमण को देखते हुए अपने घर पर ही योगासन किया।
भारत स्वाभिमान ‘न्यास’ और अनुषांगिक संगठनों ने किया वृहद कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सबसे वृहद कार्यक्रम भारत स्वाभिमान ‘न्यास’ और इसके अनुषांगिक संगठन पतंजलि योग समिति, पतंजलि किसान सेवा समिति, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की तरफ से किया गया। जनपद में दस से अधिक स्थानों पर शिविर लगाया गया। इसके अलावा योगाचार्य शिवम कृष्ण और अन्य लोगों ने वर्चुअल तरीके से योगाभ्यास कराया।
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी सुभाष सिंह की तरफ से पकड़ियार बाजार में शिविर लगाकर लोगों को योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रकाश कुमार श्रीवास्तव, अमरदीप शुक्ला, अरविंद कुमार, विजय प्रताप कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
इन स्थानों पर भी लगा योग शिविर
सेवरही स्थित जायसवाल धर्मशाला, दवनहां स्थित प्राथमिक स्कूल और डाकघर में योग शिविर का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक सुभाष और विजय कुमार साहू ने योगाभ्यास कराया। दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही के पंचायत भवन परिसर में योगाचार्य धर्मेंद्र प्रजापति ने ग्रामीणों को योगाभ्यास कराया। हनुमानगंज थाना परिसर में एसओ पंकज गुप्ता व थाने के पुलिसकर्मियों को योगाभ्यास कराया गया। अहिरौली बाजार थाने में भी एसओ संजय कुमार सिंह व पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया। ग्लोबल हिंदू फेडरेशन की जिला इकाई की तरफ से जिलाध्यक्ष छोटेलाल भारती के नेतृत्व में योग शिविर का आयोजन कर लोगों को योगाभ्यास कराया गया। इसके अलावा धुआंटीकर गांव में भी योग शिविर लगाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय संयोजक मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसके अलावा तमकुही ब्लॉक सभागार में भी योग शिविर लगाकर लोगों को योगाभ्यास कराया गया। इस मौके पर पतंजलि योग केंद्र तमकुहीराज के संचालक एवं प्रशिक्षक अशोक कुमार राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।