पडरौना। विश्व योग दिवस की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस वर्ष योग दिवस 21 जून को “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ मनाया जाएगा। जिले में ग्राम पंचायतों से लेकर जिला मुख्यालय तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों के सभी वार्डों में भी उपयुक्त स्थलों का चयन कर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। योग दिवस की तैयारियों के तहत 20 जून को जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर विकास, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग शिक्षण संस्थानों के सहयोग से कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में योग दिवस के बैनर लगाए जाएंगे तथा कार्यक्रम स्थलों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, होर्डिंग का उपयोग किया जाएगा।