तमकुहीराज। आशा कार्यकर्ताओं ने धन उगाही के विरुद्ध मंगलवार को तहसील के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे एडीएम रामकेवल तिवारी को ज्ञापन दिया। उनका आरोप था कि जननी सुरक्षा योजना, ड्यूलिस्ट, प्रमाण पत्र के नाम पर धन उगाही की जा रही है।
इसके अलावा सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को नहीं दिया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि दो सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। संगठन की तमकुही अध्यक्ष इंद्रावती सिंह की अगुवाई में आशा कार्यकर्ता तहसील परिसर में पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग के विरुद्ध नारे लगाने लगीं।
उनका कहना था कि सीएचसी तमकुही के अधीक्षक की ओर से अब तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण नहीं कराया गया है।
जुलाई 2015 से अब तक लाभार्थियों तथा सितंबर से अब तक पल्स पोलियो के साथ टीकाकरण, सर्वे, ड्यूलिस्ट, मासिक बैठक, इंडेक्स रजिस्टर, डॉट्स आदि योजनाओं का भुगतान नहीं किया गया है।
वहीं जननी सुरक्षा योजना के तहत आशाओं का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है। आरोप लगाया कि अधिकतर आशा कार्यकर्ताआें को 100 रुपये की धन उगाही कर डायरी उपलब्ध कराने के साथ ही भुगतान किया जा रहा है। जबकि प्रसव पूर्व लगाए जाने वाले टीके के मद में आशा कार्यकर्ताआें को 300 रुपये प्रसव के बाद दिए जाने की व्यवस्था है। लेकिन इस योजना का लाभ एक वर्र्ष से आशा कार्यकर्ताआें को नहीं मिल रहा है।
अपनी इन समस्याओं का ज्ञापन देकर आशा कार्यकर्ताआें ने कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सरोज राय, सुनीता, सावित्री राय, मीना, पूनम भारती, जमीला खातून, सावित्री देवी, सूर्या देवी, मीना देवी, शर्मिली देवी, संगीता देवी, उमरावती, सीमा सिंह, सुगांती, मंजू तिवारी आदि मौजूद थीं।