महिला थाने मेें दोपहर 12 बजे से शुरू होता है कार्य
शिकायत लेकर पहुंची महिला ने मोबाइल फोन पर एसपी से की शिकायत
पडरौना। महिला अपराध रोकने की दुहाई देने वाले अधिकारी भी महिला उत्पीड़न के मामले में गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं। यही कारण है कि महिला थाने में 12 बजे के बाद कार्य शुरू होता है। तेज धूप में जिले के कोने-कोने से आने वाली फरियादी दोपहर 12 बजे तक महिला थाने की प्रभारी का इंतजार करती है। शनिवार को एक महिला ने मोबाइल फोन से एसपी से शिकायत की। इसके बाद महिला थानाध्यक्ष पहुंचती हैं। तब जाकर फरियाद सुनने की प्रकिया शुरू होती है।
शनिवार को पड़ताल में पता चला महिला थाना में दस बजे छह फरियादी समस्या लेकर पहुंची थीं। हेल्प डेस्क पर शिकायत सुनने वाली पुलिसकर्मी कुर्सी पर नहीं थीं। महिला थानाध्यक्ष का कक्ष बाहर से बंद था। अन्य स्टॉफ की कुर्सियां खाली रहीं। कंप्यूटर कक्ष में कुछ पुलिसकर्मी कार्य करती दिखीं। बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के भोरे निवासी महिला का कहना है कि उसकी शादी दो वर्ष पहले कुशीनगर जिले के विशुनपुरा निवासी अजय से हुई है। पति दिव्यांग है। शराब पीकर मारता-पीटता है। एक वर्ष से वह मायके में रह रही है। सुबह छह बजे घर से निकली है। 11:30 बज गए हैं, लेकिन महिला थानाध्यक्ष नहीं पहुंची हं। फोन पर एसपी से शिकायत की हैं। एसपी बोले हैं कि अभी एसओ को फोन कर बोलते हैं।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र की एक महिला का आरोप था कि इसी नवंबर में उसकी शादी हुई। उसके ससुर की गलत निगाह रहती है। यह बात पति से बताई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। शिकायत लेकर आई हूं, लेकिन यहां कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विशुनपुरा थानाक्षेत्र की सुनीता ने बताया कि सुबह दस बजे से आई हूं। हेल्प डेस्क पर कोई पुलिसकर्मी नहीं है। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि थानाध्यक्ष के आने पर सुनवाई होगी। पडरौना नगर की अनीता ने बताया कि महिला थाने पर शिकायत लेकर आने पर सुनवाई नहीं होती। यहां आने पर घंटों इंतजार के बाद थानाध्यक्ष से मुलाकात होती है।
..
थाना परिसर में गंदगी का अंबार
महिला थाना स्वच्छता अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है। यहां सफाई का इंतजाम नहीं है। हैंडपंप के पास गंदगी का अंबार लगा रहता है। थाने के पीछे व दक्षिण झाड़ियां उगीं हैं।
..
फरियादी भूमि पर बैठने को मजबूर
महिला थाना में बैठने के लिए कुर्सी लगाई गई है। वह जर्जर हो चुकी है। इसे ईंट के सहारे रखा गया है। थाने पर पहुंची आरती, नीलम, सलोनी, प्रेमाशीला ने बताया कि महिला थानाध्यक्ष समय से फरियाद सुनती नहीं हैं। इनके इंतजार में भूमि पर बैठना पड़ता है।
...
वर्जन
एक महिला फरियादी ने फोन पर शिकायत की थी। महिला थानाध्यक्ष अपने बच्चे का टीका लगवाने गई थीं। जो भी अव्यवस्था है, उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
धवल जायसवाल, एसपी