कसया। नगर में शुक्रवार की देर रात आई आंधी और तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। नगर के कई हिस्सों में पंडाल, पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे कई घंटे तक यातायात बाधित रहा और पूरे दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही।
बारिश थमने के बाद नगरपालिका कर्मियों ने सड़क पर गिरे पेड़, पंडाल और बिजली के तारों को हटाकर आवागमन शुरू कराया। हालांकि देर शाम तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
नगर के कई मार्गों और मोहल्लों में ऐसी स्थिति देखने को मिली। कई इलाकों में जलजमाव की समस्या भी उत्पन्न हो गई, जिसे दूर करने के लिए नगरपालिका कर्मी जल निकासी में जुटे रहे। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल स्वयं कई स्थानों पर पहुंचे और कर्मियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।