तमकुहीरोड। कस्बे में महावीरी अखाड़ा डोल मेला की तैयारियां तेज हो गई हैं। अखाड़ा संचालक झांकियों को भव्य बनाने में लगे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन को लेकर खिलाडियों ने भी अभ्यास तेज कर दिया है। तमकुहीरोड में महावीरी अखाड़ा डोल मेला की तैयारियां एक माह पहले से ही शुरू हो जाती हैं। इस वर्ष यह मेला एक सितंबर की रात और दो सितंबर को दिन में मनाया जाना है। इसमें श्री बड़ा अखाड़ा, स्वर्णकार संघ अखाड़ा, छत्रपति शिवाजी अखाड़ा, महाराणा प्रताप अखाड़ा, वीर बंदा बैरागी अखाड़ा, भीमसेन अखाड़ा, आजाद अखाड़ा और वीर भगत सिंह अखाड़ा कुल आठ अखाड़े भाग लेंगे। हैरतअंगेज खेल कौशल के प्रदर्शन के साथ हनुमान प्रतिमाओं की झांकिया निकाली जाती हैं। दूर-दूर से आए कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते हैं। सेवरही पुलिस सुरक्षा इंतजाम चाक चौबंद करने में जुटी है। शनिवार की रात में सभी अखाड़ों के खिलाडि़यों ने जम कर अभ्यास किया। संवाद