पडरौना/कप्तानगंज। त्योहारी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की परेशानी बढ़ गई है। लंबी दूरी की लगभग सभी प्रमुख ट्रेनें फुल हैं। वेटिंग संख्या भी लगातार बढ़ रही है। यात्रियों के सामने कन्फर्म टिकट का संकट खड़ा हो गया है। तत्काल कोटे में टिकट हासिल करना यात्रियों के लिए आसान नहीं है। काउंटरों पर टिकट की मारामारी है।
गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग से लंबी दूरी की 25 से अधिक ट्रेनें चलती हैं। इन ट्रेनों से दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, पंजाब, बिहार सहित विभिन्न राज्यों के लिए बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। रक्षाबंधन समेत अन्य त्योहारों को लेकर इन दिनों ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। कई ट्रेनों में सामान्य कोटे की सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। त्योहार पर घर आने और वापस जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
जिन यात्रियों ने पहले से टिकट की बुकिंग नहीं कराई, उन्हें अब वेटिंग टिकट पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, तत्काल टिकट के लिए भी बुकिंग खुलते ही बड़ी संख्या में लोग प्रयास कर रहे हैं लेकिन कुछ ही समय में सीटें भर जा रही हैं। कन्फर्म टिकट के लिए लाइन में खड़े अशाेक खेतान, हरेंद्र मिश्र, सत्यभूषण सिंह, विकास सिंह आदि का कहना है कि त्योहार के दौरान ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के कारण अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाना चाहिए। इससे नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा और लोगों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
0
लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट 31 अगस्त तक की उपलब्धता
- कप्तानगंज से कोलकाता को जाने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस में स्लीपर में 10 नंबर तक वेटिंग है।
- कोलकाता से कप्तानगंज को आने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस के स्लीपर में 28 नंबर तक वेटिंग है।
- कप्तानगंज से आनंद विहार को जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में 26 नंबर तक वेटिंग है।
- सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर में 16, थर्ड एसी में 10 व टू-टियर एसी में पांच नंबर वेटिंग है।
- सप्तक्रांति एक्सप्रेस के स्लीपर में 60, थर्ड एसी में 24 व टू-टियर एसी 4 नंबर वेटिंग है।
- आनंद विहार से कप्तानगंज को आने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस के स्लीपर में 22, थर्ड एसी 15 व टू-टियर एसी में नो सीट है।
- सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर में 26, थर्ड एसी में 34 व टू-टियर एसी में 10 नंबर वेटिंग है।
- कप्तानगंज से मुम्बई को जाने वाली अवध एक्सप्रेस के स्लीपर में 30, थर्ड एसी में 16 व टू-टियर एसी में 10 नंबर वेटिंग है।
- मुम्बई से कप्तानगंज को आने वाली अवध एक्सप्रेस के स्लीपर में 22, थर्ड एसी 10 व टू-टियर एसी में 10 नंबर वेटिंग है।
- कप्तानगंज से जम्मू कश्मीर को जाने वाली कामाख्या श्री वैष्णों देवी एक्सप्रेस के सभी कोटे में नो सीट है।
- जम्मू कश्मीर से कप्तानगंज को आने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस के स्लीपर में 50, थर्ड एसी में 34 व टू-टियर एसी में 15 नंबर वेटिंग।