कसया तहसील में धरना देते लेखपाल। स्रोत-सोशल मीडिया
कसया। तहसील परिसर में लेखपाल संघ के सदस्यों ने शुक्रवार को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने एसडीएम कसया को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
जिला अध्यक्ष निलेश रंजन राव की अध्यक्षता में आयोजित धरने के दौरान कसया तहसील के सभी लेखपाल राजस्व कार्यों का बहिष्कार कर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक धरना पर बैठे रहे। ज्ञापन में फतेहपुर में एक लेखपाल की आत्महत्या के प्रकरण में पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना और राजस्व निरीक्षक शिवराम के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।
मृतक की मां को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने, एसआईआर के दबाव से लेखपालों को मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से मुक्त रखने, सभी लेखपालों को एक माह के वेतन के बराबर प्रोत्साहन राशि देने और एसआईआर की समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई।
इस संबंध में कसया एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि लेखपाल शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे हैं। एक ज्ञापन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में कार्य बाधित नहीं है और सभी कार्य समय से संपादित हो रहे हैं। इस दौरान राधेश्याम सिंह, नन्दलाल पाठक, शैलेन्द्र दुबे, राजन पांडे, राजू प्रसाद आदि मौजूद रहे।