कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के गांव महुई बुजुर्ग के भैंसाडाबर टोले में आटा चक्की की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला मायके में रहती थी।
महुई बुजुर्ग निवासी संतू पटेल की बेटी प्रतिमा देवी (35) की शादी थाना क्षेत्र के गांव भरवलिया निवासी रमाशंकर चौधरी से हुई है। करीब छह माह से महिला मायके में रह रही थी। बृहस्पतिवार की देर शाम वह ट्रैक्टर से जुड़कर चलने वाली आटी चक्की पर गेहूं पिसवाने गई। इस दौरान वह आटा चक्की की चपेट में आकर घायल हो गई। उपचार के लिए परिजन उसे कसया सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, मौका पाकर ट्रैक्टर चालक मशीन लेकर फरार हो गया। महिला की तीन बेटियां आशिका (7), अमृता (4), नैना (3) और छह माह का बेटा अंश चौधरी है। महिला की मौत से बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। एसएचओ कसया आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।