हाटा। कोतवाली क्षेत्र के बड़हरा गांव की रहने वाली एक महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। परिवारवालों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसके शव को फंदे से नीचे उतार दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं। पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
बडहरा गांव के दिनेश की शादी पांच वर्ष पहले अंतिमा चौहान के साथ हुई थी। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था। मंगलवार की रात में सभी लोग भोजन कर सोने चले गए थे। भोर में जब परिवार के लोग जगे तो अंतिमा को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसके कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था। किसी अनहोनी की आशंका में परिवार वाले दरवाजा तोड़ कर जब अंदर गए तो देखा कि अंतिमा छत की कुंडी से लटक रही है।
आनन फानन में परिवार वालों ने उसे नीचे उतारा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वालों ने शोर मचाया तो काफी लोग वहां जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का मुआयना किया और शव का पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर मृतका के मायके के लोग भी वहां पहुंचे और पूरी जानकारी ली। उसके बाद परिवार के लोग और मायके वाले किसी प्रकार की कानूनी कार्यवाही नहीं चाहते थे। इसलिए पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।
कोतवाल रामसहाय चौहान ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसका अवलोकन किया जाएगा।