खड्डा थाना क्षेत्र के लोहिया नगर निवासी 36 वर्षीय फातिमा पत्नी युनूस का मायका भी खड्डे में ही है। फामिता तीन दिन पहले बच्चों से यह कहकर घर से निकली थी कि सर दर्द का दवा लेने बाजार जा रही है लेकिन वह नहीं लौटी। इस बीच शनिवार को महिला का शव बसडीला गांव के सरेह में गन्ने के खेत में मिला। गांव के लोग जब उधर से गुजर रहे थे तो शव देख कर शोर मचाया।
शोर सुनकर काफी संख्या में गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने महिला को पहचान लिया और फिर इसकी सूचना उसके बच्चों को दी। बच्चे मौके पर पहुंचते ही मां का शव देख बिलखने लगे। महिला की गला रेत कर हत्या की गई थी। इस बीच गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बच्चों ने बताया कि पिता युनूस लुधियाना रहते हैं।
वह पांच - छह साल से घर पर नहीं आए हैं। मां किसी तरह से मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रही थी। बड़ी बेटी की शादी मां ने तय कर दी थी और अपने पिता को फोन करके आने के लिए गुहार लगा रही थीं, ताकि किसी तरह से शादी कर दी जाए। थाना प्रभारी नवीन सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश की जा रही है। शव को कब्जे में ले लिया गया है।