बेटे संग नदी में कूदी थी महिला, शव मिले
मथौली बाजार(कुशीनगर)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव मुड़िला हरपुर के पास सोमवार को छोटे गंडक नदी में छह वर्षीय बच्चे का शव मिला। इसके अलावा मलुकही गांव के सामने महिला का शव मिला। कप्तानगंज पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह शव मां-बेटे का है। महिला बीते नौ जुलाई की शाम को छोटी गंडक नदी में कूद गई थी।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खुर्द निवासी भोला साहनी की पुत्री मनीषा साहनी की शादी महराजगंज जिले के गांव सिसवा महंत बड़हरा थाना कोठीभार निवासी मोहन साहनी के साथ लगभग 12 वर्ष पूर्व हुई थी। बीते नौ जुलाई को वह ससुराल से नाराज होकर मायके जा रही थी। कप्तानगंज के पास रात आठ बजे छोटी गंडक नदी के पुल से बच्चे समेत कूद गई थी। सूचना पर एसओ कप्तानगंज गोपाल पांडेय ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर खोजबीन की थी लेकिन मनीषा और बेटे नीरज (6) का पता नहीं चला था। सोमवार को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव मुड़िला हरपुर के पास छोटी गंडक नदी सुबह लगभग 10 बजे बच्चे का शव बहता दिखा। पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मदेव चौधरी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव मलुकही के पास छोटी गंडक नदी में महिला का शव मिला। इसे भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में दोनों शव की शिनाख्त हुई।