कोटवा बाजार। माघ मेला से घर आते समय हुई हादसे में घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। महिला नेपाल के त्रिवेणी स्नान करने गई थी।
नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के मशाछपरा गांव निवासी नरेश शर्मा 55 वर्षीय पत्नी किशनावती देवी के साथ बाइक से नेपाल स्थित त्रिवेणी मेला गए थे। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे वे घर आ रहे थे। पनियहवा पुल से करीब सौ मीटर आगे अनियंत्रित वाहन की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन चालक मौका पाकर भाग गया। हादसे में किशनावती देवी के सिर में चोट लगी है। हनुमानगंज थानाध्यक्ष अजय पटेल ने उन्हें तुर्कहा सीएचसी भेजवाया। चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।