बुधवार शाम बेहोश हो कर तहसील परिसर में गिरी महिला शांति भंग की आरोपी। स्रोत - सोशल मिडिया
तमकुहीराज। बुधवार की शाम करीब पांच बजे तमकुहीराज तहसील परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला तहसील परिसर में अचानक गिरकर बेहोश हो गई। पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग के अंदेशा में कार्रवाई की थी। उसके बाद उसे बुधवार को एसडीएम कोर्ट में लाया गया था। तमकुहीराज थाने की महिला आरक्षियों की मौजूदगी में बेहोश हुई महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नंबर-14 (कोइंदी गोसाईपट्टी) निवासी अख्तर शेख का अपने पड़ोसी से भूमि विवाद है। मामला न्यायालय मे विधाराधीन है। विवादित भूमि पर स्थगन आदेश है। अख्तर शेख मुंबई में रहकर काम करते हैं। उनकी पत्नी तीन बेटियों के साथ घर पर रहती हैं। आरोप है कि बुधवार को विवादित भूमि उनकी पत्नी हलीमा (47) न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य कराने लगीं। विपक्षियों ने मामला विवादित होने का हवाला देकर तमकुहीराज पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। तमकुहीराज पुलिस ने हलीमा को थाने तलब किया और वहां से शांतिभंग के अंदेशा में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
बुधवार की शाम करीब पांच बजे तमकुहीराज थाने की पुलिस हलीमा को लेकर एसडीएम कोर्ट पहुंची। यहां दोनों पक्षों को सुनने के बाद एसडीएम ने कार्रवाई करते हुए महिला को जेल भेजने का निर्णय सुनाया।
हलीमा को एसडीएम के निर्णय की जानकारी हुई तो वह अचानक बेहोश होकर तहसील परिसर में गिर पड़ी। मौजूद महिला आरक्षियों ने उसे तमकुहीराज सीएचसी पहुंचाया, जहां महिला का इलाज जारी है। तमकुहीराज सीएचसी के डॉक्टर के मुताबिक इलाज के बाद महिला की हालत सामान्य है। एसडीएम तमकुहीराज विकास चंद का कहना है कि महिला को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।