खड्डा।भजन छपरा में शनिवार देर रात करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय संगीता पत्नी राजकुमार की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह घर की चारदीवारी के पास कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आ गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय परिवार के लोग सो रहे थे। रात करीब दो से ढाई बजे के बीच परिवार का एक सदस्य उधर गया तो उनको जमीन पर पड़ा देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी पहुंच गए। संगीता के तीन बच्चे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विधायक विवेकानंद पांडेय रविवार को पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को ढांढ़स बंधाया तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने भी घटना पर दुःख जताते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। संवाद