गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोरया के देवान टोला में रविवार देर रात 30 वर्षीय महिला ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिहार के भितहां थाना क्षेत्र के मुमताज अंसारी करीब 15 वर्ष पूर्व यहां बस गए। लगभग दो वर्ष पूर्व वह विदेश कमाने चले गए। उनकी पत्नी मदीना खातून (30 वर्ष) दो बेटे और एक बेटी के साथ रहती थी। मदीना खातून के सास ससुर घटना की रात भितहां में थे। जानकारी होने पर मदीना खातून के पिता, सास-ससुर सोमवार सुबह कोरया पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, रविवार की शाम विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति से मदीना खातून झगड़ा कर रही थी। बताया जा रहा है कि इसी बीच उसने बच्चों को सुलाकर दुपट्टे के फंदे लटककर आत्महत्या कर ली। रात में जब बेटों की नींद खुली तो शोर मचाया। भोर में करीब तीन बजे तुर्कपट्टी पुलिस को सूचना मिली। तीनों बच्चों से पुलिस ने अलग-अलग बात कर घटना से जुड़ी जानकारी ली।
प्रेमी की उपेक्षा से आहत होकर उठाया आत्मघाती कदम
-पुलिस की मानें तो जिस व्यक्ति से वह प्रेम करती थी, वह उससे दूरी बनाने लगा था। इस बात को लेकर रविवार को मोबाइल पर कहासुनी के बाद दोनों में झगड़ा हुआ था। सूत्रों का कहना है कि प्रेमी ने उसे ब्लॉक करने की बात कही तो महिला उग्र हो गई। दोनों में जमकर तू तू-मैं मैं हुई थी। प्रेमी की उपेक्षा से आहत महिला ने बच्चों को सुलाने के बाद आत्मघाती कदम उठाया। घटनास्थल से पुलिस ने महिला का मोबाइल भी कब्जे में लिया है। जांच टीम व्हाट्सएप चैट्स और अन्य प्लेटफार्म की गहनता से जांच कर रही है।थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मोबाइल की भी जांच की जा रही। प्रेम प्रसंग के बिंदु पर गहनता से जांच कर जा रही है।
कोट
महिला की आत्महत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना से जुड़े समस्त पहलुओं की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। -अभिषेक प्रताप अजेय, क्षेत्राधिकारी सदर