छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बेलवनिया निवासी 15 वर्षीय किशोरी की भदोही में संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की देर रात मौत हो गई थी। वह मिशनरी संस्था में रसोइया का काम करती थी। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर उसके घर पहुंचे विधायक विवेकानंद पांडेय ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया और निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
थाना क्षेत्र के बेलवनिया मिशन निवासी मधु भारती पुत्री सुदामा भारती के घर की माली हालत ठीक नहीं है। एक वर्ष पूर्व उसे चौराहे पर संचालित मिशनरी संस्था के कुछ लोग रोजगार दिलाने के लिए भदोही ले गए थे। वहां वह संस्था में रसोइया का काम कर रही थी। शनिवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। रविवार की सुबह संस्था से जुड़े कर्मचारी मृतका के घर पहुंचे और फंदे से लटककर उसकी मौत की बात बताई थी। भदोही जाने के बाद परिजनों को किशोरी का शव सौंप दिया गया था। इसके बाद घर आए परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सोमवार दोपहर में पहुंचे विधायक विवेकानंद पांडेय ने मृतका के पिता से घटना की जानकारी ली और न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।