समउर बाजार। समउर-फाजिलनगर मार्ग स्थित मीर बिहार गांव के पास पोल पर बिना इंसुलेंटर लगाए बिजली का तार बांध दिया गया है। कभी भी पोल में करंट उतर सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका है।
पटहेरवा फीडर से मीर बिहार गांव में बिजली आपूर्ति की जा रही है। चकदहवां ड्रेन पर बनी पुलिया के पास लगे पोल पर बिना इंसुलेटर के ही तार बांध कर आपूर्ति दी जा रही है। प्रधान प्रतिनिधि आलमगीर खान ने बताया कि पोल पर तार बांधकर सप्लाई से कभी भी पोल में करंट उतर सकता है। 22 मई को फाजिलनगर फीडर के सुलतानपुर गांव में एक बिजली के पोल में करंट उतर गया, जिसके चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। मीर बिहार निवासी हरेंद्र कुशवाही, रवि कुशवाहा, अब्दुल मजीद, बलिराम, वकार अशरफ उर्फ शब्बू ने बताया कि पोल पर इंसुलेटर लगाने की मांग की। पटहेरवा उपकेंद्र के जेई अरुण कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी नही है। शीघ्र ही उसकी जांच कर सही करा दिया जाएगा।