पडरौना। नमामि गंगे योजना के तहत वन विभाग की तरफ से मंगलवार को कसया के हिरण्यवती नदी के बुद्धा घाट पर गंगा आरती हुई। इसमें जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए संकल्प दिलया गया। इसके पूर्व चित्रकाला प्रतियोगिता हुई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे नम्रता भट्ट ने कहा कि गंगा नदी भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जो राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने का काम करती है। मां गंगा के बिना भारतीय सभ्यता अधूरी है। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नदियों की सफाई व स्वच्छता पर बल दिया गया है, ताकि नदियों के जल को निर्मल किया जा सके और वातावरण भी साफ सुथरा रहे। इस दौरान वनदरोगा रामाधार प्रसाद, वनरक्षक राजेश चौधरी, विवेक कुमार, मुकेश यादव, संतोष कुमार यादव, राम भरोसा आदि मौजूद रहे।