सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के हाईवे पर सलेमगढ़ सिअरहां के पास रविवार को सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार पति, पत्नी और ननद सड़क हादसे में घायल हो गए।
इसमें पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। वहीं ननद बाल-बाल बच गई। तीनों एक ही बाइक से बिहार प्रांत के गोपालगंज थाने देवी दर्शन के लिए घर से निकले थे। तमकुहीराज क्षेत्र के रामकरन पट्टी मंटू पांडेय (30) बाइक से अपनी 25 वर्षीय पत्नी प्रीति पांडेय और बहन सपना पांडेय (18) के साथ रविवार को सुबह बाइक से थावे मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था। अभी वह तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ सिअरहां गांव पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ओवरटेक के दौरान बाइक में टक्कर मार दी। इससे प्रीति पांडेय के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मंटू पांडेय को गंभीर चोटें आई हैं और सपना पांडेय बाल-बाल बच गई। घटना के दौरान हुई तेज आवाज के कारण आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों की सूचना पहुंचे चौकी प्रभारी बहादुरपुर शनि जावला, एसआई विमलेश द्विवेदी ने एनएचएआई एंबुलेंस से घायलों इलाज के लिए सीएचसी तमकुहीराज भेजा। डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रीति पांडेय (25) को मृत घोषित कर दिया। जबकि, मंटू पांडेय को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन कसया स्थित निजी अस्पताल में उपचार कराने के लिए लेकर चले गए। चौकी प्रभारी शनि ज्वाला ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया।