रामकोला। रामकोला थानाक्षेत्र के धुआंटीकर गांव में शनिवार की रात प्रेमिका के बात नहीं करने से नाराज 20 वर्षीय युवक ने पहले पोखरे में कूदकर जान देने की कोशिश की। पोखरे में पानी कम होने से वह बच निकला। इसके बाद आपा खो चुके युवक ने हंसिया से अपना गला काट लिया। खून से लथपथ युवक जब घर पहुंचा तो परिजन अवाक रह गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी युवक को सीएचसी रामकोला में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के धुआंटीकर निवासी प्रद्युम्न शर्मा दूसरे गांव की एक लड़की से प्रेम करता है। किसी बात को लेकर लड़की ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। प्रेमिका के बातचीत नहीं करने से नाराज युवक ने शनिवार की रात पोखरे में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन पानी कम होने के कारण वह बच गया। दोबारा आत्महत्या की कोशिश करते हुए उसने हंसिया से गला काट लिया और खून से लथपथ होकर वह घर पहुंच गया। इस हाल में देख परिजन विलाप करने लगे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसओ विनय कुमार ने युवक को गंभीर हालत में सीएचसी रामकोला में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में एसओ ने बताया कि प्रेमिका के बात नहीं करने से नाराज होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। गंभीर रूप से जख्मी युवक का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। जिस हंसिया से उसने गले पर वार किया था, उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।