पडरौना। राजकीय गेहूं क्रय केंद्र दुदही का शुक्रवार को डीएम ने निरीक्षण किया। लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की खरीदारी कम होने पर डिप्टी आरएमओ और विपणन निरीक्षक (एमआई) से स्पष्टीकरण तलब किया।
डीएम उमेश मिश्र ने क्रय केंद्र पर साफ-सफाई, बोरों की उपलब्धता, वजन मशीन, बिजली की व्यवस्था, खरीदे हुए गेहूं को रखने की व्यवस्था, रजिस्ट्रेशन के सापेक्ष गेहूं क्रय की स्थिति आदि की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान लक्ष्य की तुलना में कम खरीदारी होने, किसानों का पंजीकरण कम होने और निरीक्षण के समय विपणन निरीक्षण की तरफ से जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताते हुए डिप्टी आरएमओ और विपणन निरीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया। डीएम ने बताया कि राजकीय गेहूं क्रय केंद्र दुदही में 12 किसान पंजीकृत मिले हैं। 318 क्विंटल गेंहू खरीदारी की गई हुई। क्रय केंद्रों पर नोडल अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई गई है। 3,262 किसानों ने गेहूं क्रय के लिए पंजीकरण कराया है, जिसमें से 3,204 किसानों का सत्यापन हो गया है। इसमें से 765 किसानों की गेहूं खरीद ली गई है। उन्होंने बताया कि जून तक 47 हजार मीट्रिक टन गेहूं क्रय करने का लक्ष्य है। इस दौरान एसपी धवल जायसवाल, तमकुही एसडीएम विकास चंद्र, विपणन निरीक्षक श्याम किशोर आदि मौजूद रहे।
गेहूं खरीद में तेजी लाने का दिया निर्देश
बोदरवार। सहायक आयुक्त सहकारिता ने शुक्रवार को विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूं खरीद की गति धीमी देख नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारियों को गेहूं की खरीदारी में तेजी लाने का निर्देश दिया।
सहायक आयुक्त सहकारिता नीरज कुमार गोंड ने क्षेत्र के भड़सर खास, बोदरवार, रामपुर, महुअवा खुर्द आदि गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो मई तक भड़सर क्रय केंद्र पर 1700 क्विंटल, बोदरवार में 1301 क्विंटल, रामपुर में 500 क्विंटल गेंहू की खरीद होने की जानकारी हुई। भड़सर और बोदरवार में अधिक गेहूं क्रय होने पर केंद्र प्रभारियों का उत्साह वर्धन करते हुए रामपुर के केंद्र प्रभारी पर नाराजगी जताते हुए उन्हें लक्ष्य के अनुरूप गेहूं क्रय करने के लिए गेहूं खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान सहायक आयुक्त सहकारिता जिला प्रबंधक पीसीएफ श्रीनिवास यादव, एडीसीओ वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।