छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के छितौनी बाजार में बृहस्पतिवार को कलश यात्रा के दौरान हुए विवाद को लेकर प्रशासन सतर्क है। मारपीट में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए शुक्रवार को भी एहतियात के तौर पर पुलिस तैनाती रही।
बृहस्पतिवार की देर रात एक युवक गांव के चौराहे पर जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया था। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद घायल युवक के पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन गांव के कुछ सम्मानित लोगों ने बीच बचाव कर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर वहां से भाग गए थे। परिजन घायल को सीएचसी तुर्कहा ले गए, जहां डाॅक्टर ने उनकी हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने घायल को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, वहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं, श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम स्थल पर एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात है।