जर्जर बिजली के तार और पोल बदलने से लोगों को मिलेगी लो वोल्टेज की समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। फाजिलनगर उपकेंद्र क्षेत्र में सात करोड़ की लागत से क्षेत्रीय विधायक ने बिजली के जर्जर तार और पोल बदलने का कार्य शनिवार को शुरू कराया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को लो वाेल्टेज और बार-बार फाॅल्ट की समस्या से निजात मिलेगी।
विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के हित के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में सरकार ने सराहनीय कार्य किया है। क्षेत्र के लोग काफी दिनों से लो वोल्टेज, फाॅल्ट और अघोषित बिजली कटौती की शिकायत करते रहे थे। इससे निजात दिलाने के लिए शासन ने फाजिलनगर उपकेंद्र क्षेत्र के बिजली पोल और तार बदलने के लिए सात करोड़ रुपये जारी किया है।
कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। अधिशासी अभियंता राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस धन से गांव में लगे एल्युमिनियम व लोहे के तार की जगह केबल से आपूर्ति दी जाएगी। इससे विद्युत चोरी भी रुक जाएगी। इसके अलावा 11 हजार और 33 हजार वाट की सप्लाई वाले खराब पोल व तार भी बदले जाएंगे।
इस दौरान कार्यदायी संस्था के आलोक कुमार यादव, एसडीओ डीएन मिश्र, जेई संदीप कुमार मिश्र, शशिकपूर, ग्राम प्रधान मुन्ना कुशवाहा, रजनीश शुक्ला, अरविंद कुशवाहा, योगेंद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।