खड्डा। एक धार्मिक जुलूस में पाकिस्तान से मिलता जुलता झंडा लहराए जाने का वीडियो तथा दूसरे धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक बातें एवं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी का संदेश शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने से लेकर लोगों में नाराजगी है। 21 सेकंड के इस वायरल वीडियो में दिख रहा है कि खड्डा कस्बे में डीजे के साथ एक जुलूस निकल रहा है। पीछे पीछे लोगों की भीड़ धार्मिक नारा लगा रही है। इसमें एक युवक डीजे वाहन के ऊपर चढ़ा है तथा झंडा लहरा रहा है। उसे देखने पर पाकिस्तानी झंडा जैसा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो एक माह पहले का है। इस वीडियो के साथ ही दो तीन युवकों की तस्वीर तथा दूसरे धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक बातें लिखकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विरुद्ध भी अमर्यादित टिप्पणी की गई है। वीडियो व तस्वीर सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद कुशीनगर के जिलाध्यक्ष मुकेश त्रिपाठी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। यह अत्यंत ही निंदनीय व राष्ट्रविरोधी कृत्य है। इसके लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। खड्डा थाने के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह का कहना है कि यह मामला पहले संज्ञान में नहीं आया था। अब जानकारी मिली है तो इसका पता लगाया जा रहा है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।