तमकुहीराज। कस्बे के गोविन्द नगर मुहल्ले में सप्लाई होने वाले जल में मंगलवार को किटाणु मिले। पेयजल में कीटाणु मिलने से नाराज मुहल्लेवासियों ने पानी सप्लाई के लिए जिम्मेदार जल निगम कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। मुहल्लेवासियों का आरोप था कि शिकायत के बाद भी विभाग समस्या का समाधान नहीं कर रहा है।
म्ंागलवार को तमकुही कस्बे के गोविन्द नगर मुहल्ले में जल निगम की ओर से सप्लाई की जा रही पानी की टोटियों से बदबूदार एवं कीटाणु युक्त पानी निकल रहा था। बदबूदार पानी की सप्लाई देख लोग नाराज हो गए। नाराज लोग सप्लाई वाला पानी बोतल में भरकर जलनिगम कार्यालय पहुंचकर हंगामा करने लगे। इन लोगों का आरोप था कि इस समस्या की शिकायत उन लोगों ने कई बार विभाग के अधिकारियों से की है, परंतु केवल आश्वासन ही मिलता रहा है। इस कारण बीते छह माह से यह समस्या बनी हुई है। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों का कहना था कि विगत 15 दिन से जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। पाइप के लीकेज ठीक किए जा रहे हैं। बुधवार को कर्मचारी गोविंदनगर मुहल्ले में पहुंचकर इस समस्या का समाधान करेंगे। तब जाकर लोग शांत हुए। इस दौरान संजीत, अजय सिंह, बशीर अहमद, चुन्नु गुप्ता, सोनू गुप्ता, भोला यादव, धनन्जय, मुन्ना मद्धेशिया आदि मौजूद रहे।