संपूर्ण समाधान दिवस : शिकायतों के निपटारे में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
पडरौना। मंगलवार को जिले के सभी तहसील सभागारों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 454 मामले पंजीकृत किए गए। इसमें से 96 मामले निस्तारित किए गए। डीएम और एसपी ने कप्तानगंज तहसील सभागार में फरियाद सुनीं।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि फरियादियों की शिकातें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए शासन प्रतिबद्घ है। इसलिए हमें किसी भी स्तर पर लापरवाही हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि फरियादियों से पुलिस को मित्र के तरह व्यवहार करना चाहिए। इससे लोग पुलिस के करीब आएंगे, जिससे अपराध रोकने में सहायता मिलेगी। डीएम और एसपी की अगुवाई में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व के 40, पुलिस के 19, विकास के 11 और अन्य के 42 मामले पंजीकृत हुए। इसमें से 55 मामले निस्तारित कर शेष मामलों को संबंधित विभागों में शीघ्र निस्तारण के लिए भेज दिया गया।
इस दौरान सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र गुप्ता, डीएफओ वीसी ब्रम्हा, एसडीएम अरविंद कुमार, तहसीलदार अहमद फरीद खान, पीडी संजय पांडेय, प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार राय, एसडीओ भोलेनाथ, सप्लाई इंस्पेक्टर दुर्गादत्त, सविता भारती, दीवाकर, वीरेंद्र सिंह, विचित मणि, विपिन मणि, हरिशंकर कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
पडरौना तहसील सभागार में एसडीएम रामकेश की अगुवाई में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व के 45, पुलिस के 16, विकास के नौ और विकास के सात समेत 77 मामले आए, जिसमें से छह मामले निस्तारित किए गए।
हाटा प्रतिनिधि के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व के 38, पुलिस के दस, विकास के आठ और अन्य के 18 मामले दर्ज हुए, जिसमें से राजस्व के महज छह मामले ही दर्ज किए गए।
कसया कार्यालय के अनुसार तहसील सभागार में मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक पांडेय की अगुवाई में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व के 38, पुलिस के नौ, विकास के पांच और अन्य के 20 मामले आए। इसमें से राजस्व के 18 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस मौके पर सीओ नितेश प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार सुनील सरोज, ईओ प्रेमशंकर गुप्ता, बीडीओ जोखन प्रसाद, विजय राय, अरविंद पति त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार एडीएम विंध्यवासिनी राय व एएसपी एपी सिंह की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व के 19, पुलिस के 16, विकास के आठ, अन्य के 20 समेत कुल 63 मामले दर्ज हुए। इसमें से छह मामलों का निस्तारण किया गया।
इस दौरान एसडीएम देशदीपक सिंह, तहसीलदार डा. एसके राय, बीडीओ विनय कुमार द्विवेदी, एसआई जीतबहादुर यादव, राकेश कुमार, शहनवाज खां, मूलचंद आदि मौजूद रहे।
तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में एसडीएम एआर फारूखी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व के 18, पुलिस के 14, विकास के छह, अन्य के 18 मामले पंजीकृत हुए। इसमें से राजस्व के पांच मामले निस्तारित किया गया। इस दौरान सीओ संदीप वर्मा, तहसीलदार रामप्यारे, बीडीओ अरूण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।