पिपरा कनक। पटहेरवा क्षेत्र के पिपरा कनक गांव में सोमवार दोपहर में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से कार्य कर रहे दो श्रमिक दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन ठेकेदार श्रमिकों को सीएचसी फाजिलनगर ले गया। जहां, दोनों श्रमिकों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। निर्माणधीन मकान के स्वामी के घर कोई नहीं है। निर्माण कार्य गांव का ही ठेकेदार करा रहा है।
पिपराकनक निवासी अभिनंदन लाल श्रीवास्तव के नए मकान का निर्माण गांव का ही एक ठेकेदार करा रहा है। गृह स्वामी बाहर रहते हैं। मकान का लगभग दो मंजिला निर्माण हो चुका है। घटना के दिन सेफ्टी टैंक के लिए मिट्टी की खोदाई श्रमिकों से कराई जा रही थी। जबकि, सेफ्टी टैंक की दीवार पहले से ही तैयार कर ली गई थी। मिट्टी खोदते समय सेफ्टी टैंक की एक दीवार अचानक गिर गई। जिसमें मिट्टी खोद रहे श्रमिक सुरेंद्र चौहान (25) निवासी परसौनी, बृजलाल चौहान (60) बिहार बुजुर्ग टोला कटहरी बाग थाना तमकुहीराज दीवार के नीचे दब गए।
शोर मचाने पर गांव के लोगों ने आनन-फाननइन दोनों को दीवार के नीचे से बड़ी मशक्कत के बाद निकाले। उन्हें सीएचसी फाजिलनगर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों श्रमिकों की गंभीर स्थिति देखते हुए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।