पडरौना। लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है। कुशीनगर लोकसभा सीट के लिए सातवें चरण में 1 जून को मतदान कराया जाएगा।आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अफसरों की गाड़ियां दौड़ने लगीं। राजनीतिक दलों की ओर से शहर से लेकर गांवों तक लगाए गए होर्डिंग व बैनर हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया। विधानसभा क्षेत्रों में वीडियो निगरानी टीम सक्रिय हो गई।
चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासनिक अफसरों की सक्रियता देखने को मिली। सातवें चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव एक जून को सातवें चरण में कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज और गोरखपुर में होगा। डीएम ने अफसरों के साथ बैठक कर चुनाव आचार संहिता का गंभीरता से पालन कराने का निर्देश दिया। इसके पहले दोपहर में भी डीएम उमेश मिश्र ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मातहतों की बैठक की। पडरौना शहर में एसडीएम महात्मा सिंह और तहसीलदार सुमित सिंह की अगुवाई में शहर के सुभाष चौक, रामकोला रोड, कसया रोड, कोतवाली रोड, छावनी के अलावा जिला मुख्यालय रविंद्रनगर और उसके आसपास पर लगे राजनीति बैनर और होडिंग उतारवाए। इस दौरान कोटवा के नायब तहसीलदार विशाल दत्त त्रिपाठी, राजस्व निरीक्षक अरविंद पति त्रिपाठी, लेखपाल हीरालाल वर्मा, शिवेंद्र सिंह, जितेंद्र दुबे, शशिभान सिंह आदि मौजूद रहे। वीडियोग्राफी के लिए बनाई गई विधानसभा क्षेत्रों की टीम सक्रिय रही। राजनीतिक पार्टियों के झंडा लगी गाड़ियों को भी रोकर अफसरों ने झंडा उतारने की चालकों को हिदायत दिया। कसया में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने बुद्ध नगरी में राजनीतिक होर्डिंग, वैनर व पोस्टर उतरवाया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन ईओ शैलेंद्र कुमार मिश्र समेत पुलिस फोर्स के साथ मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर मार्ग से होकर आगे बढ़ी। उनके साथ कुशीनगर चौकी पुलिस के अलावा सीओ कुंदन सिंह मौजूद रहे। पटहेरवा ब्लाॅक के सफाई कर्मी स्थानीय बाजार और चौराहों के अलावा के करमैनी, सेंदुरिया, लवनिया समेत सभी बाजार में लगे वैनर, पोस्टर हटवाए। तमकुहीराज में तहसील प्रशासन ने नगर क्षेत्र में लगाए गए वैनर, होर्डिंग और पोस्टर उतरवाया। कस्बा के मुख्य ओवर ब्रिज चौराहे पर लगाए गए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की होर्डिंग उतरवाया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी द्वार, ब्लाॅक गेट, तरया चौक समेत पूरे कस्बा में यह अभियान चलाया गया। तमकुहीराज एसडीएम विकास चन्द्र, तहसीलदार चंदन शर्मा, ईओ सीमा राय, इंस्पेक्टर तमकुहीराज अतुल कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।