मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार में शुक्रवार की देर रात 40 वर्षीय युवक बेहोशी की हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाने से पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के माेर्चरी में रखवा दिया है।
थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार में शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे एक युवक बेहोशी की हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार की शाम तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस शनिवार को बाजार के देशी शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर जानकारी जुटा रही है। पुलिस मृतक के फोटोग्राफ को पड़ोसी प्रांत बिहार से लेकर आसपास के थानों में भेजकर शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन अभी तक उसका शिनाख्त नहीं हो पाया है।
इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि बेहोशी की हालत में व्यक्ति मिला था, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक नशे की हालत में था।