कसया। सपहा चौराहे पर घरेलू गैस सिलिडरों की कथित कालाबाजारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने मामले का संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम को तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
करीब चार मिनट 17 सेकंड के वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बाइक पर खाली घरेलू गैस सिलिडर लेकर दुकान पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। दुकानदार और ग्राहक के बीच सिलिडर की कीमत को लेकर बातचीत होती है। पहले सिलिडर का दाम एक हजार रुपये बताया जाता है, बाद में 990 रुपये में सौदा तय होता दिख रहा है। वीडियो में बाइक सवार खुद को फाजिलनगर क्षेत्र का निवासी और होटल व्यवसाय से जुड़ा बता रहा है। बातचीत के दौरान वह यह भी कहता सुनाई देता है कि ब्लैक में इतना दिक्कत है, सिर्फ पासबुक नहीं लाने की वजह से। इसके बाद पेटीएम से 980 रुपये का भुगतान किया जाता है और भरा सिलिडर बाइक पर रखकर ले जाया जाता है। वीडियो में दुकान के अंदर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलिडर रखे दिख रहे हैं। इससे क्षेत्र में गैस सिलिडरों की अवैध बिक्री की चर्चा तेज हो गई है। पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति लंबे समय से घरेलू गैस सिलिडरों की अवैध बिक्री से जुड़ा है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।