खडडा। क्षेत्र के गंडक नदी पार के गांव शिवपुर, हरिहरपुर, नरायनपुर व अन्य जगहों पर सोहगीबरवा जंगल से निकलकर तेंदुआ सहित हिंसक जानवर पहुंच रहे हैं। एक बकरी व कुत्ते की जान जा चुकी है। लोग रतजगा करने को मजबूर हैं। सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य के सटे खड्डा क्षेत्र के यह गांव बसे हुए हैं, जंगल की सीमा पूरी तरह खुली हुई है। हिंसक जानवर अक्सर गांव की ओर आ जाते हैं। दो दिन पहले हरिहरपुर गांव निवासी भागीरथी के दरवाजे पर बंधी बकरी के उपर तेंदुआ ने हमला कर दिया उसे खींच कर ले जाने लगा शोर मचाते हुए ग्रामीण दौड़े तो छोड़ कर भाग गया, बाद में बकरी की मौत हो गयी। एक सप्ताह पहले शिवपुर गांव के गोबरी के पालतू कुत्ते को उठा ले गया। सोहगीबरवा के नौका टोला निवासी नरायनपुर गुप्ता की बकरी तेंदुआ के हमले से मर गई। सोमवार की रात शिवपुर ग्राम के सुभाष राय एवं प्रकाश भारती के घर के पास तेंदुआ देखकर लोग सहम गए।
ग्रामीण मनोज पांडेय, सचिन्द्र सिंह, रसूल खां, विद्या सिंह, महेन्द्र मुसहर आदि का कहना है कि जंगल से गांव में पहुंच रहे तेंदुआ व अन्य हिंसक जानवर से लोग भयभीत हैं। रात को घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।